Sonbhadra News: दोपहर 12 बजे तक शिक्षक निर्वाचन में 46.31% और स्नातक में 18.07% मतदान.
जिले में 34 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान के लिए पुलिस और प्रशासन अलर्ट है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भाजपा के संजीव कुमार गोंड़ और सपा नेता सुनील गोंड़ ने अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत का दावा किया।
sonbhadra
12:57 PM, Oct 23, 2026
Share:


चोपन ब्लॉक कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर MLC चुनाव के दौरान मतदाताओं की कतार, सुरक्षा व्यवस्था संभालते पुलिसकर्मी और मतदान का जायजा लेते अधिकारी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन को लेकर सोनभद्र में शुक्रवार सुबह आठ बजे से मतदान जारी है। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। जिले में स्नातक निर्वाचन के लिए 21 और शिक्षक निर्वाचन के लिए 13 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। दोपहर 12 बजे तक स्नातक निर्वाचन में 18.07 प्रतिशत और शिक्षक निर्वाचन में 46.31 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, स्नातक निर्वाचन में कुल 16,812 मतदाताओं में से 3,039 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं, शिक्षक निर्वाचन में कुल 1,738 मतदाताओं में से 805 मतदाताओं ने मतदान किया। स्नातक निर्वाचन में 24 और शिक्षक निर्वाचन में 10 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। मतदेय स्थलों से कुछ दूरी पर भाजपा, सपा और अन्य राजनीतिक दलों के समर्थकों की भीड़ भी दिखाई दी।
जिलाधिकारी और एसपी ने किया मतदान केंद्रों का निरीक्षण-:
जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों एवं पोलिंग एजेंटों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सुबह आठ बजे से मतदान प्रक्रिया जारी है। इसे शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हैं। जिलाधिकारी के अनुसार, मतदान व्यवस्था की निगरानी के लिए 16 सेक्टर मजिस्ट्रेटों, जोनल मजिस्ट्रेटों और संबंधित पुलिस अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। अधिकारी लगातार मतदान केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी क्रम में ओबरा स्थित मतदान केंद्र का भी निरीक्षण किया गया। जिले में कुल 34 मतदान केंद्रों और 34 बूथों पर मतदान जारी है। उन्होंने बताया कि मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया और पात्र मतदाताओं को मतदान के लिए प्रोत्साहित किया गया। प्रशासन ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में भाग लेकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।
भाजपा प्रत्याशियों की जीत का भरोसा: संजीव कुमार गोंड़-:
विज्ञापन
समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोंड़ ने मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्नातक निर्वाचन के प्रत्याशी केदारनाथ सिंह और शिक्षक निर्वाचन के प्रत्याशी डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा को जिताने के लिए पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे हुए हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि युवा, शिक्षक और स्नातक मतदाता राष्ट्रहित को ध्यान में रखकर मतदान करेंगे। आदिवासी बहुल सोनभद्र में शिक्षा व्यवस्था में बदलाव से जुड़े सवाल पर राज्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद शिक्षा व्यवस्था में सुधार हुआ है। उनके मुताबिक, विद्यालयों में आधुनिक सुविधाएं और स्मार्ट क्लास विकसित की जा रही हैं। जनजातीय विभाग की ओर से जिले में तीन आवासीय विद्यालयों का निर्माण कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि आदिवासी बच्चों को पढ़ाई के साथ रहने और भोजन की बेहतर सुविधाएं भी मिलें।आगामी विधानसभा चुनाव पर इस निर्वाचन के प्रभाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह चुनाव राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है और भाजपा कार्यकर्ता पूरी ताकत से चुनाव में जुटे हैं।
सपा ने भी जीत का दावा किया-:
समाजवादी पार्टी के नेता सुनील गोंड़ ने स्नातक प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा और शिक्षक निर्वाचन के प्रत्याशी आदिल लाल बिहारी यादव की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि आठों जनपदों में पार्टी के पक्ष में सकारात्मक माहौल है और प्रत्याशियों ने शिक्षकों, अधिवक्ताओं, छात्रों तथा बेरोजगारों से जुड़े मुद्दों को सदन में उठाया है। सोनभद्र की शिक्षा व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में शिक्षा सुविधाओं को और बेहतर बनाने की जरूरत है। उन्होंने ओबरा इंटर कॉलेज का मुद्दा उठाते हुए कहा कि निजी प्रबंधन के बाद कॉलेज की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हुए हैं। उनके अनुसार, पार्टी इस विषय को मजबूती से उठाएगी, ताकि गरीब और आदिवासी परिवारों के बच्चों को सुलभ शिक्षा मिल सके। सुनील गोंड़ ने आगामी विधानसभा चुनाव के संदर्भ में भी इस निर्वाचन को महत्वपूर्ण बताया और सपा के बेहतर प्रदर्शन का दावा किया। मतदान प्रतिशत को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी के कैंप में मतदाताओं की मौजूदगी दिखाई दे रही है और उन्हें परिणाम अपने पक्ष में आने की उम्मीद है। फिलहाल मतदान केंद्रों पर प्रशासन की निगरानी जारी है। चुनाव में भाजपा और सपा नेताओं ने अपने-अपने प्रत्याशियों की जीत का भरोसा जताया है। हालांकि, मतदान को लेकर राजनीतिक दलों की ओर से किसी औपचारिक प्रतिक्रिया की जानकारी उपलब्ध नहीं है। अंतिम परिणाम मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगा।



