Sonbhadra News: आदिवासियों ने ओबरा तहसील पर किया प्रदर्शन, वन विभाग व पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप.
ओबरा तहसील के सामने आदिवासियों ने जोरदार प्रदर्शन किया। वन विभाग व पुलिस पर उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए गए। तहसीलदार ने मामले की जांच के निर्देश दिए। जमीन पर अधिकार और पट्टा दिलाने की मांग उठी।
sonbhadra
8:06 PM, Apr 4, 2026
Share:


ओबरा तहसील के सामने आदिवासियों का जोरदार प्रदर्शन।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
ओबरा तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों के आदिवासियों ने शनिवार को गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के प्रदेश युवा अध्यक्ष एडवोकेट संतोष कुमार गौतम के नेतृत्व में तहसील परिसर के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान आदिवासियों ने वन विभाग और पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए शिकायती पत्र तहसील प्रशासन को सौंपा। प्रदर्शन में शामिल बडेरा, हर्रा, निगाई और सलैयाडीह गांव के आदिवासियों का कहना था कि वे अपने पूर्वजों के समय से उक्त भूमि पर निवास करते आ रहे हैं और वर्षों से खेती-बाड़ी कर जीवन यापन कर रहे हैं। इसके बावजूद वन विभाग और कोन थाना पुलिस द्वारा उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके घरों को तोड़ा गया है और खेतों में खड़ी फसल को भी नुकसान पहुंचाया जा रहा है।आदिवासियों ने प्रशासन से मांग की कि उनकी जमीन का पट्टा जारी कर खतौनी में उनका नाम दर्ज किया जाए, जिससे उन्हें कानूनी अधिकार मिल सके और भविष्य में किसी प्रकार की कार्रवाई से बचाव हो सके।मामले को गंभीरता से लेते हुए ओबरा तहसीलदार अंजनी गुप्ता ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने क्षेत्रीय वनाधिकारी और कोन इंस्पेक्टर को निर्देशित किया कि शिकायत की निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करें तथा नियमों के तहत उचित कार्रवाई सुनिश्चित करें। प्रदर्शन में नगेंदर, मुन्नी, राम दयाल, शिवकुमार, फुलदेवी, प्रभावती, उर्मिला, रामेश्वर, फुलबसिया, रमुनिया देवी, ललिता देवी समेत बड़ी संख्या में आदिवासी मौजूद रहे। आदिवासियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे आगे और बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होंगे।



