Sonbhadra News: बिजली के तार की चपेट में आने से ट्रक खलासी की मौत, तिरपाल समेटने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा.
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सजौर गांव में बिजली के तार की चपेट में आने से ट्रक खलासी विनोद विश्वकर्मा (30) की मौत हो गई। चावल उतारने के बाद तिरपाल समेटकर ट्रक के केबिन में रखने के दौरान वह करंट की चपेट में आ गया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
sonbhadra
5:34 PM, Oct 15, 2026
Share:


सजौर गांव में बिजली हादसे के बाद घटनास्थल पर खड़ा ट्रक, मौके पर पहुंचकर जांच करती पुलिस और मौजूद ग्रामीण।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सजौर गांव के समीप बिजली के तार की चपेट में आने से ट्रक के खलासी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब ट्रक से चावल उतारने के बाद खलासी तिरपाल समेटकर केबिन में रखने के लिए ऊपर चढ़ा था। इसी दौरान वह ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया और गंभीर रूप से झुलस गया। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिर्जापुर जिले के हलिया थाना क्षेत्र के अवधि खुर्द गांव निवासी ट्रक चालक राजेश दुबे पुत्र मोतीलाल दुबे ने बताया कि बुधवार रात वह ट्रक में चावल लादकर सजौर गांव के पास पहुंचा था। ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर दिया गया था। गुरुवार सुबह ट्रक से चावल उतारने का काम पूरा होने के बाद खलासी विनोद विश्वकर्मा (30 वर्ष) तिरपाल समेटकर ट्रक के केबिन में रखने के लिए ऊपर चढ़ गया। बताया जा रहा है कि ट्रक के केबिन पर तिरपाल रखते समय विनोद ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार की चपेट में आ गया। करंट लगते ही वह बुरी तरह झुलसने लगा। यह देखकर चालक राजेश दुबे ने शोर मचाना शुरू कर दिया। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तत्काल बिजली विभाग को सूचना देकर विद्युत आपूर्ति बंद कराई। इसके बाद हादसे की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक की मदद से गंभीर रूप से झुलसे विनोद को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।


