Sonbhadra News: खनन बैरियर से बचने के लिए हाईवे पर ट्रक खड़ा करना पड़ा भारी, 32 वाहन मालिकों और चालकों पर मुकदमा.
सोनभद्र में खनन बैरियर से बचने के लिए स्टेट हाईवे-05 पर ट्रक खड़े कर यातायात बाधित करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। टोल प्लाजा के पास हाईवे पर ट्रक खड़े होने से लंबा जाम लगा था, जिसमें एंबुलेंस भी फंस गई थी। पुलिस ने 16 ट्रक मालिकों और 16 चालकों समेत 32 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है।
sonbhadra
3:29 PM, Oct 30, 2026
Share:


हाईवे पर खड़े ट्रकों की जांच करती यातायात पुलिस, जाम रोकने को लेकर सोनभद्र पुलिस की बड़ी कार्रवाई।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
जिले में खनन बैरियर से बचने के लिए हाईवे पर ट्रक खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ सोनभद्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिससे खनन से जुड़े व्यपारियों में हड़कंप मच गया। दरअसल टोल प्लाजा के पास स्टेट हाईवे-05 पर अनाधिकृत रूप से ट्रक खड़े किए जाने के कारण लंबा जाम लगने और एंबुलेंस के फंसने के मामले में पुलिस ने 16 वाहन स्वामियों और 16 चालकों समेत कुल 32 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस की इस कार्रवाई से हाईवे पर अव्यवस्थित तरीके से वाहन खड़े करने वालों में हड़कंप मचा है। जानकारी के अनुसार, खनन बैरियर से बचने के उद्देश्य से कुछ ट्रक चालकों द्वारा अपने वाहनों को टोल प्लाजा के पास हाईवे पर गलत तरीके से खड़ा कर दिया जाता था। इससे स्टेट हाईवे-05 पर यातायात प्रभावित हो रहा था। विशेषकर शक्तिनगर की ओर से आने वाले वाहनों को जाम का सामना करना पड़ रहा था। वाहनों की लंबी कतार लगने से आम राहगीरों और अन्य वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति उस समय और गंभीर हो गई, जब जाम में एक एंबुलेंस भी फंस गई। इसके बाद यातायात पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की और जाम खुलवाकर आवागमन सुचारु कराया। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा द्वारा जिले में यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए दिए गए निर्देशों के क्रम में यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा और क्षेत्राधिकारी यातायात सुधीर सिंह के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक यातायात नरेंद्र सिंह ने किया। इस मामले में प्रभारी निरीक्षक यातायात की ओर से थाना रॉबर्ट्सगंज में सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग पंजीकृत कराया गया। पुलिस ने 16 वाहन स्वामियों और 16 चालकों को कार्रवाई के दायरे में लिया है। इस प्रकार कुल 32 व्यक्तियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने और हाईवे पर अनाधिकृत रूप से वाहन खड़े करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। खासकर आपातकालीन सेवाओं से जुड़े वाहनों का रास्ता बाधित करने वाली लापरवाही को गंभीरता से लिया जा रहा है। वहीं लोगों का कहना है कि पुलिस की इस कार्रवाई का वह स्वागत करते हैं अगर समय-समय पर पुलिस यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करती रही तो मारकुंडी पर लगने वाली जाम की जाम से राहत मिलेगी और सुगम यात्रा करना आसान होगा।



