Sonbhadra News: मक्के का बीज लदा ट्रक पेड़ से टकराकर पलटा, चार घंटे केबिन में फंसा रहा चालक.
म्योरपुर क्षेत्र में रासपहरी गांव के पास मक्के का बीज लदा ट्रक पेड़ से टकराकर पलट गया, जिससे चालक केबिन में फंस गया। स्टेयरिंग में पैर दबने से चालक करीब चार घंटे तक फंसा रहा, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। गंभीर हालत में चालक जितेंद्र सिंह को सीएचसी म्योरपुर से जिला अस्पताल रेफर किया गया।
sonbhadra
4:45 PM, Oct 11, 2026
Share:


म्योरपुर क्षेत्र में रासपहरी के पास ट्रक हादसे के बाद केबिन में फंसे चालक को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाते पुलिसकर्मी और ग्रामीण।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल।
सोनभद्र।
म्योरपुर थाना क्षेत्र के बीजपुर-मुर्धवा मार्ग पर रासपहरी गांव के पास शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि करीब 12:15 बजे मक्के का बीज लदा डीसीएम ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराने के बाद पलट गया। हादसे में चालक का पैर स्टेयरिंग में दब गया, जिससे वह केबिन के अंदर फंस गया। करीब चार घंटे तक चले रेस्क्यू अभियान के बाद उसे बाहर निकाला जा सका। गंभीर हालत में चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र म्योरपुर से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। चालक की पहचान बिहार के औरंगाबाद निवासी जितेंद्र सिंह (48) पुत्र राघव सिंह के रूप में हुई। बताया गया कि ट्रक छत्तीसगढ़ से मक्के का बीज लादकर दिल्ली जा रहा था। रासपहरी गांव के पास पहुंचते ही ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क के दाहिने किनारे पेड़ से टकराकर पलट गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चालक को नींद की झपकी आने से हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।
जेसीबी और गैस कटर से चलाया गया रेस्क्यू अभियान-:
विज्ञापन
प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, ट्रक के पीछे बाइक से जा रहे अनुराग दूबे, पीयूष मिश्रा, गौरव और सतीश ने अपनी आंखों के सामने हादसा होते देखा। उन्होंने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र सरोज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और चालक को निकालने का प्रयास शुरू कराया। पहले जेसीबी की मदद से चालक को बाहर निकालने की कोशिश की गई, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद गैस कटर से ट्रक का केबिन काटने का प्रयास किया गया। इसी दौरान ट्रक में आग लगने लगी, जिसे पानी डालकर बुझाया गया। काफी मशक्कत के बाद स्टेयरिंग खोलकर चालक को बाहर निकाला गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
दमकल वाहन की देरी पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल-:
घायल चालक को सीएचसी म्योरपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. धर्मराज मौर्य ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उधर, ग्रामीणों ने दमकल वाहन के मौके पर पहुंचने में देरी और पानी की उपलब्धता को लेकर सवाल उठाए। ग्रामीणों के अनुसार, दमकल वाहन करीब दो घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंचा, लेकिन उसमें पानी नहीं था। पानी भरने के बाद दमकल कर्मी लगभग आधे घंटे बाद दोबारा पहुंचे। ग्रामीणों ने कहा कि यदि ट्रक में लगी आग फैल जाती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। हालांकि, इस संबंध में दमकल विभाग का पक्ष सामने नहीं आया है।


