Sonbhadra News: सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री अपलोड करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार.
सोनभद्र साइबर थाना और साइबर सेल ने सोशल बड़ी कार्रवाई, मीडिया पर अश्लील एवं पोर्नोग्राफिक सामग्री अपलोड करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है, गृह मंत्रालय के NCMEC पोर्टल से मिली सूचना के आधार पर जांच में दुद्धी निवासी सैफ और ओबरा निवासी राहुल कुमार की पहचान हुई, पूछताछ में दोनों ने अधिक व्यूज और आर्थिक लाभ के लिए सामग्री अपलोड करने की बात स्वीकार की।
sonbhadra
4:11 PM, May 21, 2026
Share:


पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में सोनभद्र साइबर सेल और पुलिस की बड़ी कार्रवाई.।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: कन्हैया लाल यादव, रॉबर्ट्सगंज।
सोनभद्र।
जनपद में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और सोशल मीडिया पर अश्लील एवं आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना एवं साइबर सेल सोनभद्र ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अश्लील एवं पोर्नोग्राफिक सामग्री अपलोड और साझा करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में महिला एवं बाल यौन शोषण से जुड़े अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण तथा इंटरनेट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अश्लील सामग्री प्रसारित करने वालों की निगरानी के लिए साइबर थाना एवं साइबर सेल को विशेष निर्देश दिए गए थे। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रेन (NCMEC) पोर्टल और साइबर ट्रिपलाइन प्रणाली के माध्यम से सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री अपलोड किए जाने संबंधी सूचनाएं प्राप्त हुईं। ये सूचनाएं राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) के माध्यम से जनपद सोनभद्र से संबंधित पाई गईं। मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल ने तकनीकी जांच शुरू की। जांच के दौरान संबंधित सोशल मीडिया खातों की प्रोफाइल डिटेल, मोबाइल नंबर, आईपी एड्रेस तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। जांच में दो व्यक्तियों की पहचान सामने आई, जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से अश्लील सामग्री अपलोड और साझा कर रहे थे। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना धीरेन्द्र कुमार चौधरी के नेतृत्व में टीम गठित की गई और थाना दुद्धी तथा थाना ओबरा पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
विज्ञापन
संयुक्त अभियान के दौरान पुलिस ने सैफ पुत्र खजमुद्दीन निवासी वार्ड नंबर-09, रामनगर दुद्धी तथा राहुल कुमार पुत्र रामकिशुन निवासी गुरुद्वारा गली, चोपन रोड ओबरा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनके मित्रों का एक सोशल मीडिया समूह है, जिसमें इंस्टाग्राम, फेसबुक और अन्य ऑनलाइन माध्यमों से वीडियो साझा किए जाते थे। आरोपियों के अनुसार अधिक व्यूज प्राप्त करने और आर्थिक लाभ कमाने के उद्देश्य से अश्लील वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और वेबसाइटों पर अपलोड किए जाते थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सामग्री अपलोड करने में प्रयुक्त मोबाइल फोन एवं अन्य डिजिटल उपकरण भी बरामद किए हैं। प्राप्त साक्ष्यों और जांच के आधार पर थाना दुद्धी में अभियुक्त सैफ के विरुद्ध मु0अ0सं0 148/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 77, 294 तथा आईटी एक्ट की धारा 67A में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं राहुल कुमार के खिलाफ थाना ओबरा में मु0अ0सं0 112/2026 के अंतर्गत धारा 77, 294 बीएनएस एवं आईटी एक्ट की धारा 67B के तहत अभियोग पंजीकृत कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक साइबर थाना धीरेन्द्र कुमार चौधरी, प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह (दुद्धी), प्रभारी निरीक्षक सदानंद राय (ओबरा), चौकी प्रभारी हरिकेश राम आजाद, हेड कांस्टेबल संतोष पटेल, हेड कांस्टेबल शिवनंदन सिंह, कांस्टेबल अखिलेश यादव, सुनील रावत एवं अभिषेक तिवारी सहित साइबर सेल की टीम शामिल रही। सोनभद्र पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अश्लील, आपत्तिजनक अथवा बाल यौन शोषण से संबंधित सामग्री को सोशल मीडिया पर अपलोड, शेयर या फॉरवर्ड न करें। ऐसा करना गंभीर साइबर अपराध की श्रेणी में आता है और दोषी पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
