Sonbhadra News: खड़े ट्रैक्टर से टकराईं दो बाइकें, नवविवाहित युवक की मौत.
सलैयाडिह में सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से पीछे से दो बाइकें टकरा गईं। हादसे में घिवही निवासी नवविवाहित युवक कमलेश की मौत हो गई, जबकि उसका साढ़ू भाई घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
sonbhadra
12:14 PM, Sep 2, 2026
Share:


हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों में दिखी गमगीन स्थिति, पत्नी और मां का रो रोकर बुरा हाल।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
विंढमगंज थाना क्षेत्र के सलैयाडिह गांव में कर्बला के पास मंगलवार रात करीब नौ बजे सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में पीछे से दो बाइकें टकरा गईं। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साढ़ू भाई घायल हो गया। मृतक की शादी महज चार माह पहले हुई थी। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कमलेश पुत्र स्व. विश्वनाथ निवासी घिवही और रामशकल पनिका पुत्र बासदेव निवासी खम्हरिया, बीजपुर अलग-अलग बाइक से विंढमगंज से निकले थे। कमलेश अपने घर घिवही जा रहा था, जबकि रामशकल अपने ससुराल केवाल गांव जा रहा था। बताया गया कि सलैयाडिह स्थित कर्बला के पास सड़क पर अंधेरा होने के कारण कमलेश को सड़क किनारे पहले से खड़ा ट्रैक्टर दिखाई नहीं दिया। उसकी बाइक तेज गति से ट्रैक्टर के पीछे जा भिड़ी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसी दौरान पीछे से आ रहे रामशकल ने बाइक को नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन उसकी बाइक भी ट्रैक्टर से टकरा गई। हादसे में रामशकल भी घायल हो गया। रास्ते से गुजर रहे सलैयाडिह प्रधान प्रतिनिधि अभिषेक प्रताप सिंह उर्फ किशु ने गंभीर रूप से घायल कमलेश को तत्काल अपनी बाइक से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र विंढमगंज पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उसका इलाज शुरू किया, लेकिन कुछ ही देर बाद कमलेश ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर विंढमगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई। हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे। कमलेश का शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। बताया गया कि कमलेश की शादी करीब चार माह पहले ही हुई थी। घटना के बाद गांव में भी शोक का माहौल है।



