Sonbhadra News: बाइक-ऑटो की टक्कर में दो की मौत, बरसी कार्यक्रम से लौटते समय हुआ हादसा.
अनपरा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम शक्तिनगर-वाराणसी मुख्य राज्यमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। करहिया गांव के पास बाइक और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर में एक बालक सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।
sonbhadra
10:17 AM, Nov 6, 2025
Share:


मृतक बच्चें की फ़ाइल फ़ोटो।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।
सोनभद्र।
अनपरा थाना क्षेत्र में बुधवार शाम शक्तिनगर-वाराणसी मुख्य राज्यमार्ग पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। करहिया गांव के पास बाइक और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर में एक बालक सहित दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए।जानकारी के अनुसार, अनपरा थाना क्षेत्र के सरदार वल्लभभाई नगर वार्ड नंबर 8 निवासी हुसैन शेख का परिवार करहिया गांव में एक रिश्तेदार के बरसी कार्यक्रम में शामिल होने ऑटो से गया था।
विज्ञापन
वापसी के दौरान शक्तिनगर-वाराणसी मुख्य मार्ग पर यह हादसा हुआ। टक्कर में ऑटो सवार फातिमा बेगम, तबस्सुम निशा, अरुण निशा और अब्दुल सुफियान (लगभग 6 वर्ष) घायल हो गए। वहीं, बाइक सवार अनिल (लगभग 28 वर्ष) और अजय (लगभग 48 वर्ष) भी गंभीर रूप से चोटिल हुए। सूचना मिलते ही अनपरा पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए डिबुलगंज संयुक्त अस्पताल पहुंचाया। डिबुलगंज अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने अब्दुल सुफियान सहित तीन अन्य घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
रास्ते में ही अब्दुल सुफियान ने दम तोड़ दिया। दोनों बाइक सवारों को जयंत स्थित नेहरू अस्पताल रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान अनिल उर्फ रंगलाल प्रजापति (लगभग 28 वर्ष) पुत्र रामवृक्ष प्रजापति की भी मौत हो गई। अनपरा थाना प्रभारी बृजेश सिंह ने बताया कि डिबुलगंज के करहिया मार्ग पर बाइक और ऑटो की आमने-सामने की टक्कर में ऑटो सवार बालक और एक बाइक सवार की मौत हुई है। मृतक बाइक सवार का शव शक्तिनगर स्थित एनटीपीसी संजीवनी अस्पताल के मोर्चरी में रखवाया गया है। पोस्टमार्टम के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



