Sonbhadra News: पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश गिरफ्तार, लूट में प्रयुक्त बाइक, तमंचा और नगदी बरामद.
बभनी थाना क्षेत्र में 18 जुलाई को सर्राफा व्यापारी से हुई लूट का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूट में प्रयुक्त बाइक और नगदी बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होने की बात स्वीकार की है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
sonbhadra
12:04 PM, Jul 25, 2026
Share:


बभनी लूटकांड का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार बदमाशों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण करती पुलिस टीम।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
बभनी थाना क्षेत्र के शीशटोला जंगल में 18 जुलाई को सर्राफा व्यापारी कुलधीर कुमार के साथ हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। शनिवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध .315 बोर तमंचा, जिंदा व खोखा कारतूस, लूट में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा नगदी बरामद की है। दुद्धी के क्षेत्राधिकारी विनय प्रभाकर साहनी ने बताया कि 25 जुलाई की सुबह करीब 3:27 बजे मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक बभनी दिन्नू प्रसाद यादव एवं म्योरपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह अपनी टीम के साथ शीशटोला जंगल में वाहन चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान रघुनाथनगर (छत्तीसगढ़) की ओर से मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास करने पर दोनों भागने लगे। पीछा करने पर मगरमाड़ तिराहे के आगे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। पुलिस के अनुसार दोनों बदमाश झाड़ियों की ओर भागते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग करने लगे। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें रमेश साकेत (34) निवासी कनई, थाना बरगवां, जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश) के पैर में गोली लगी। वहीं उसका साथी मनोज साकेत (30) निवासी बड़ोखर, थाना बरगवां, जिला सिंगरौली को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में रमेश साकेत ने स्वीकार किया कि उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 18 जुलाई को शीशटोला जंगल में सर्राफा व्यापारी से लूट की वारदात को अंजाम दिया था। उसने बताया कि घटना की रेकी मनोज साकेत ने की थी तथा लूट की रकम में चारों आरोपियों को ₹10-10 हजार का हिस्सा मिला था। पुलिस ने बताया कि पूछताछ में गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है। इस सफलता को पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
