Sonbhadra News: मानव तस्करी गिरोह के दो 25-25 हजार के इनामी गिरफ्तार.
रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) यूनिट की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर दो इनामी मानव तस्करों को गिरफ्तार किया। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आरोप है कि गिरोह नाबालिग बालिकाओं को बहला-फुसलाकर विभिन्न राज्यों में बेचता और जबरन विवाह कराता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
sonbhadra
9:51 PM, Jul 12, 2026
Share:


मानव तस्करी गिरोह के दो 25-25 हजार के इनामी आरोपी पुलिस गिरफ्त में।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
नाबालिग बालिकाओं की खरीद-फरोख्त कर विभिन्न राज्यों में जबरन विवाह कराने वाले संगठित मानव तस्करी गिरोह के दो 25-25 हजार रुपये के इनामी आरोपियों को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग (एएचटी) यूनिट और रॉबर्ट्सगंज पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से घटना से जुड़े मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं, जिनकी डिजिटल जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं एवं पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। जांच के दौरान सामने आया कि गिरोह नाबालिग बालिकाओं को बहला-फुसलाकर घर से ले जाता था और धन लेकर विभिन्न राज्यों में उनका जबरन विवाह कराता था। पीड़िता को उसकी इच्छा के विरुद्ध कई बार अलग-अलग व्यक्तियों के साथ विवाह कराया गया और प्राप्त धनराशि गिरोह के सदस्य आपस में बांट लेते थे। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) अनिल कुमार एवं क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में एएचटी और रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर छपका पावर हाउस के पीछे स्थित एक मकान पर दबिश देकर ओबरा निवासी सुनील दास तथा रॉबर्ट्सगंज निवासी रानू बेगम को गिरफ्तार किया। दोनों पर पुलिस अधीक्षक द्वारा 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पूछताछ में दोनों ने गिरोह में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस अब बरामद मोबाइल फोन की डिजिटल जांच के जरिए गिरोह के अन्य सदस्यों, आर्थिक लेन-देन तथा अंतरराज्यीय नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी और फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
