Sonbhadra News: महिला अधिवक्ता से मारपीट मामले दो टोलकर्मी गिरफ्तार.
सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित लोढ़ी टोल प्लाजा पर महिला अधिवक्ता और उनके परिजनों के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया था।
sonbhadra
12:53 PM, Feb 2, 2026
Share:


सोनभद्र के लोढ़ी टोल प्लाजा पर हुई घटना, अन्य की तलाश जारी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र स्थित लोढ़ी टोल प्लाजा पर महिला अधिवक्ता और उनके परिजनों के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद यह मामला सुर्खियों में आ गया था। यह घटना रविवार दोपहर करीब तीन बजे की है। अधिवक्ता आरती पाण्डेय अपने परिजनों के साथ कार से ओबरा से रॉबर्ट्सगंज की ओर जा रही थीं। लोढ़ी टोल प्लाजा पर लेन संख्या तीन में तकनीकी कारणों से आगे की गाड़ी का मैसेज नहीं मिलने के कारण वाहन फंस गए, जिससे कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया। इसी बात को लेकर टोल कर्मियों और वाहन सवारों के बीच कहासुनी शुरू हुई। कहासुनी जल्द ही विवाद और मारपीट में बदल गई। आरोप है कि टोल कर्मियों ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से अधिवक्ता के परिजनों के साथ मारपीट की। जब अधिवक्ता आरती पाण्डेय ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया, तो उनके साथ भी अभद्रता की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इस घटना में कई लोग घायल हुए, जिन्हें जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना का वीडियो किसी राहगीर द्वारा बनाया गया था, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आने के बाद अधिवक्ता समुदाय में भारी आक्रोश फैल गया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। पीड़िता की तहरीर पर रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने रामजी तिवारी (निवासी हमीरपुर) और सर्वेश यादव (निवासी अंबेडकर नगर) को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि अन्य 7-8 टोल कर्मियों की पहचान की जा रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
