Sonbhadra News: अनियंत्रित पिकअप ने छीनी तीन जिंदगियां, कई घायल.
रामपुर बरकोनिया क्षेत्र में हुए सड़क हादसे के बाद डीएम चर्चित गौड़ देर रात मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर डॉक्टरों को समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
sonbhadra
10:10 AM, May 13, 2026
Share:


हादसे की सूचना पर देर रात अस्पताल पहुंचे डीएम, घायलों के इलाज में लापरवाही न बरतने के निर्देश।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: कन्हैया लाल यादव, सोनभद्र।
सोनभद्र।
रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के सिलथम के कठार गांव के पास मंगलवार देर रात बारातियों से भरी एक पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक दर्जन से अधिक बाराती घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सीएचसी तियरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।
वहीं दो घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी ट्रामा सेंटर भेजा गया है। अन्य घायलों का उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर के मड़िहान थाना क्षेत्र के चंदरी बांध निवासी शिव कुमार के बेटे की बारात रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के रामपुर चेनारी गांव जा रही थी। सिलथम गांव के पास पहुंचते ही पिकअप अनियंत्रित होकर पलट गई।
विज्ञापन
हादसे में आशीष (12), गोलू (13), आकाश (15), बिहारी (28), रोहित (22) और रामसुभग (20) समेत करीब एक दर्जन लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों के सेमरी बांध, थाना मड़िहान निवासी होने की जानकारी मिली है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चर्चित गौड़ देर रात मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। उन्होंने प्राचार्य मेडिकल कॉलेज को सभी घायलों का समुचित एवं त्वरित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना की बाबत पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने बताया मंगलवार रात करीब 10:00 बजे रामपुर बरकोनिया पुलिस को एक सूचना प्राप्त हुई की एक पिकअप वाहन जोकि मड़िहान मिर्जापुर से थाना रामपुर बरकोनिया की तरफ से आ रहा था, ग्राम कठोर के पास अनियंत्रित होकर पलट गया। सूचना पर पुलिस के आलाधिकारी, पुलिस टीम, पीआरबी और एंबुलेंस को बचाव कार्य के लिए लगाया गया। दुर्घटना में कुल 16 लोग घायल हुए, जिसमें से 12 लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल लोढ़ी भेजा गया। जहां उपचार के दौरान मड़ियान निवासी राजन गोंड पुत्र कन्हैया गोंड, अजय गोंड पुत्र रामबली और विनोद गोंड पुत्र कैलाश की दुःखद मृत्यु हो गई। गंभीर रूप से घायल व्यक्तियों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। बाकी घायलों का उपचार जिला अस्पताल लोढ़ी में जारी है। मृतको के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर पुलिस द्वारा अग्रिम कार्रवाई की जारी है।
