Sonbhadra News: अनियंत्रित ट्रेलर सरकारी अस्पताल में घुसा, बाल-बाल बचीं महिला स्वास्थ्यकर्मी.
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सुकृत पुलिस चौकी के पास वाराणसी से रॉबर्ट्सगंज की ओर जा रहा एक अनियंत्रित ट्रेलर डिवाइडर पार कर आयुष्मान आरोग्य मंदिर की दीवार से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि भवन अपनी जगह से खिसक गया। हादसे के समय केंद्र में मौजूद सीएचओ रंजना त्रिपाठी और एएनएम अर्पिता सहित एक व्यक्ति बाल-बाल बच गए, जबकि उसकी बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
sonbhadra
9:33 PM, Jul 11, 2026
Share:


अनियंत्रित ट्रेलर की टक्कर से क्षतिग्रस्त हुआ आयुष्मान आरोग्य मंदिर, मौके पर जुटी लोगों की भीड़।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के सुकृत पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर शनिवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। वाराणसी की ओर से रॉबर्ट्सगंज की तरफ जा रहा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पार कर सीधे आयुष्मान आरोग्य मंदिर (सरकारी स्वास्थ्य केंद्र) की इमारत में जा घुसा। हादसे की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्वास्थ्य केंद्र की पूरी इमारत अपनी जगह से खिसक गई और भवन का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय आयुष्मान आरोग्य मंदिर में तैनात सीएचओ रंजना त्रिपाठी और एएनएम अर्पिता केंद्र के अंदर मौजूद थीं। उसी दौरान एक व्यक्ति अपनी मोटरसाइकिल खड़ी कर स्वास्थ्य केंद्र की ओर जा रहा था। तभी अचानक अनियंत्रित ट्रेलर भवन से जा टकराया। गनीमत रही कि महिला स्वास्थ्यकर्मी और वह व्यक्ति समय रहते सुरक्षित बच गए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। हादसे में स्वास्थ्य केंद्र के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं भवन को भी भारी नुकसान पहुंचा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टक्कर का जोर इतना अधिक था कि पूरी इमारत हिल गई और अपनी मूल स्थिति से खिसक गई। घटना की सूचना मिलते ही सुकृत पुलिस चौकी की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। दुर्घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। हादसे की जानकारी मिलते ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मधुपुर के अधीक्षक डॉ. अखिलेश अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) सोनभद्र को भी घटना की सूचना दी गई, जिसके बाद वह भी मौके के लिए रवाना हो गए। प्राथमिक जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग की सरकारी संपत्ति को लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा ट्रेलर चालक से पूछताछ की जा रही है।
