Sonbhadra News: कड़ी सुरक्षा में शुरू हुई जनपद में यूपी बोर्ड की परीक्षाएं 47,750 परीक्षार्थी देंगे इम्तिहान.
जनपद में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षाएं आज 18 फरवरी 2026 से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गईं। जिले में कुल 80 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के कुल 47,750 परीक्षार्थी इम्तिहान दे रहे हैं। परीक्षा के पहले दिन दोनों कक्षाओं के लिए हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित की गई।
sonbhadra
9:42 AM, Feb 18, 2026
Share:


जिले में कोई भी परीक्षा केंद्र संवेदनशील या अति संवेदनशील नहीं- जिला विद्यालय निरीक्षक।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
जनपद में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाएं बुधवार 18 फरवरी 2026 से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गईं। जिले में इस वर्ष कुल 80 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 47,750 परीक्षार्थी परीक्षा दे रहे हैं। परीक्षा के पहले दिन दोनों कक्षाओं की हिंदी विषय की परीक्षा आयोजित की गई। हाईस्कूल (10वीं) की हिंदी एवं प्रारंभिक हिंदी की परीक्षा प्रथम पाली में सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक शुरू हुई, जबकि इंटरमीडिएट (12वीं) की हिंदी व सामान्य हिंदी की परीक्षा द्वितीय पाली में दोपहर 2:00 से शाम 5:15 बजे तक कराई जा रही है। छात्रों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए थे, जिसका पालन करते हुए परीक्षार्थी समय से पहले ही केंद्रों पर पहुंच गए। केंद्रों के गेट पर चस्पा कक्ष संख्या व रोल नंबर सूची को देखते हुए छात्र नजर आए, वहीं कई अभिभावक भी बच्चों का हौसला बढ़ाते दिखाई दिए। नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस बार रंग-बिरंगी उत्तर पुस्तिकाओं का उपयोग किया जा रहा है। हाईस्कूल के लिए मजेंटा पिंक और इंटरमीडिएट के लिए भूरे रंग की उत्तर पुस्तिकाएं निर्धारित की गई हैं।
इस वर्ष परीक्षार्थियों की संख्या पिछले वर्ष से करीब 1500 अधिक है।
विज्ञापन
हाईस्कूल: 27,150 परीक्षार्थी (13,455 छात्र, 13,695 छात्राएं)
इंटरमीडिएट: 21,185 परीक्षार्थी (9,932 छात्र, 11,253 छात्राएं)
जिले की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए इस बार 3 नए केंद्र जोड़े गए हैं। परीक्षा संचालन के लिए 6 रूट बनाए गए हैं, जिन पर 6 सचल दस्ते तैनात हैं। सभी केंद्र सीसीटीवी और वॉइस रिकॉर्डर से लैस हैं और निगरानी जनपद कंट्रोल रूम से की जा रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह ने बताया कि सभी केंद्रों पर सेंटर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती की गई है तथा जिले में कोई केंद्र संवेदनशील घोषित नहीं किया गया है। पिछले 15 दिनों से विद्यार्थियों को तनावमुक्त परीक्षा के लिए मार्गदर्शन और मनोवैज्ञानिक परामर्श भी दिया गया था। उन्होंने कहा कि नकल निवारण अध्यादेश लागू रहेगा और पूरी परीक्षा शुचिता व शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराई जाएगी।
