Sonbhadra News: हर घर तिरंगा अभियान में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, तिरंगा यात्रा से राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा जिला मुख्यालय.
सोनभद्र में तिरंगा यात्रा से गूंजा देशभक्ति का संदेश हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोमवार को सोनभद्र जिला मुख्यालय पर भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। कचहरी तिराहा से स्वर्ण जयंती चौक तक निकली यात्रा में अधिकारी, कर्मचारी और छात्र तिरंगा लेकर शामिल हुए। ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा।
sonbhadra
12:42 PM, Aug 11, 2026
Share:


हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोनभद्र में निकली तिरंगा यात्रा में शामिल सीडीओ जागृति अवस्थी और अधिकारी-कर्मचारी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
हर घर तिरंगा अभियान के तहत सोमवार को जिला मुख्यालय देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। कचहरी तिराहा से स्वर्ण जयंती चौक तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा में अधिकारी, कर्मचारी और छात्र हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर शामिल हुए। ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी के नेतृत्व में निकली यात्रा में युवाओं और विद्यार्थियों में खासा उत्साह दिखाई दिया। यात्रा जैसे-जैसे शहर की सड़कों से आगे बढ़ी, राष्ट्रभक्ति का उत्साह भी बढ़ता गया। तिरंगा लहराते हुए छात्र और कर्मचारी पूरे जोश के साथ देशभक्ति के नारे लगाते हुए आगे बढ़े। यात्रा का समापन स्वर्ण जयंती चौक पर हुआ, जहां शामिल अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्रों को देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने की शपथ दिलाई गई।
विज्ञापन
सभी ने राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और देश की एकता-अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया। सीडीओ जागृति अवस्थी ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। यह केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के गौरव, सम्मान, एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान का उद्देश्य विशेषकर युवाओं में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने लोगों से 9 से 15 अगस्त तक अपने घरों पर तिरंगा फहराने और अभियान को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को राष्ट्रीय ध्वज के महत्व, स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानों और देश की एकता-अखंडता के प्रति जिम्मेदारियों का एहसास कराते हैं। तिरंगा यात्रा का संदेश स्पष्ट है कि देश सबसे ऊपर है और उसकी एकता-अखंडता की जिम्मेदारी प्रत्येक नागरिक की है।
