Sonbhadra News: वाहन ने बाइक सवार महिला को कुचला, मौके पर ही मौत.
वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की मौके पर मौत हो गई। यह हादसा हाथीनाला थाना क्षेत्र के रेणुकूट मार्ग पर हथवानी गांव के पास रविवार सुबह हुआ। बाइक पर सवार महिला का पति और एक बालक मामूली रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
sonbhadra
2:48 PM, Mar 1, 2026
Share:


आंखों के सामने हुई मौत से सहमे पिता और पुत्र।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
हाथीनाला थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर मौत हो गई। इस दुर्घटना में महिला का पति और बालक मामूली रूप से घायल हो गए। यह हादसा रेणुकूट मार्ग पर हथवानी गांव के पास हुआ। पुलिस के अनुसार, रेणुकूट से हाथीनाला की ओर जा रहे आशुतोष त्रिपाठी (46 वर्ष, निवासी मिटीहिनिया, थाना कोन, सोनभद्र) अपनी पत्नी खुशबू त्रिपाठी (33 वर्ष) और बालक के साथ मोटरसाइकिल पर सवार थे। हथवानी गांव के पास, हाथीनाला थाना से लगभग 2 किलोमीटर पहले, पीछे से आ रहे एक डीसीएम ट्रक ने उनकी बाइक की डिक्की में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि खुशबू त्रिपाठी सड़क पर गिर गईं और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। आशुतोष त्रिपाठी सड़क किनारे कच्चे में चले जाने के कारण बच गए, जबकि बालक को भी मामूली चोटें आईं। सूचना मिलते ही हाथीनाला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी स्थित मोर्चरी भेज दिया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डीसीएम ट्रक को भी पकड़ लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई में जुट गई है। थाना प्रभारी हाथीनाला नागेश सिंह ने बताया कि डीसीएम ट्रक ने बाइक की डिक्की में टक्कर मारी थी, जिससे खुशबू त्रिपाठी की मौके पर ही मृत्यु हो गई। उन्होंने पुष्टि की कि मृतका के शव को पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया है और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है। वही घटना की जानकारी मिलने पर मोर्चरी हाउस में लोगों की भीड़ लग गई।
