Sonbhadra News: सोशल मीडिया पर रिश्वत लेने का वीडियो वायरल, डीएम ने राजस्व निरीक्षक को किया निलंबित.
सोशल मीडिया पर रिश्वत लेने का वीडियो वायरल होने के मामले में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजस्व निरीक्षक अखिलेश कुमार शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामला सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान सामने आया, जिसके बाद डीएम ने विस्तृत जांच के आदेश भी दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि भ्रष्टाचार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
sonbhadra
7:39 PM, Jun 6, 2026
Share:


रिश्वतखोरी के वायरल वीडियो मामले में की गई जिलाधिकारी द्वारा त्वरित कार्रवाई चर्चा का विषय बनी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरो सोनभद्र।
सोनभद्र।
विज्ञापन
जनपद में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान सोशल मीडिया पर रिश्वत लेने का वीडियो वायरल होने के मामले में जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए संबंधित राजस्व निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच के भी आदेश दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार, शनिवार को दुद्धी तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शाह ने जिलाधिकारी के समक्ष शिकायत प्रस्तुत की। शिकायत में आरोप लगाया गया कि एक राजस्व निरीक्षक का रिश्वत लेते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, लेकिन अब तक उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया। प्रथम दृष्टया उपलब्ध तथ्यों के आधार पर राजस्व निरीक्षक अखिलेश कुमार शुक्ला को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही मामले की निष्पक्ष एवं विस्तृत जांच कराने के निर्देश भी जारी किए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनपद में भ्रष्टाचार, अनियमितता और कर्तव्यों के प्रति लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शासन की मंशा के अनुरूप पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन स्थापित करना प्राथमिकता है। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत जांच में सही पाई जाती है तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण किया जाए। साथ ही निस्तारण के बाद शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लेकर यह सुनिश्चित किया जाए कि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। गौरतलब है कि जिले की चारों तहसीलों में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 330 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 33 मामलों का मौके पर अथवा टीम भेजकर निस्तारण किया गया। शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
