Sonbhadra News: एक सप्ताह से अंधेरे में बालू पर टोला, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, किया प्रदर्शन.
ओबरा तहसील के ग्राम सभा कोटा स्थित अम्मटोला के बालू पर टोला में पिछले एक सप्ताह से ट्रांसफार्मर गिरा होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित है। शुक्रवार को महादेव सेना ट्रस्ट के अध्यक्ष निर्भय चौधरी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर विद्युत विभाग के खिलाफ विरोध जताया। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
sonbhadra
5:02 PM, May 22, 2026
Share:


महादेव सेना ट्रस्ट के अध्यक्ष निर्भय चौधरी के नेतृत्व में ग्रामीण उपभोक्ताओं का प्रदर्शन।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: आर. एन. पाण्डेय, कोटा।
सोनभद्र।
विज्ञापन
ओबरा तहसील अंतर्गत आने वाले ग्राम सभा कोटा के अम्मटोला स्थित बालू पर टोला में पिछले एक सप्ताह से ट्रांसफार्मर गिरा होने के कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है। लगातार बिजली बाधित रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। समस्या के समाधान में हो रही देरी से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार को महादेव सेना ट्रस्ट के अध्यक्ष निर्भय चौधरी के नेतृत्व में प्रदर्शन कर विद्युत विभाग के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर गिरने की सूचना कई बार संबंधित अधिकारियों और विभागीय कर्मचारियों को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। भीषण गर्मी के बीच बिजली न होने से सबसे अधिक परेशानी बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को झेलनी पड़ रही है। दिनभर की तेज धूप और उमस के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। बिजली आपूर्ति बंद होने से पेयजल संकट भी गहरा गया है। जिन घरों में सिर्फ मोटर और टोटी की सुविधा नहीं है, उन्हें दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। वहीं बिजली के अभाव में मोबाइल फोन चार्ज करने में भी दिक्कतें आ रही हैं, जिससे लोगों का अपने परिजनों और आवश्यक सेवाओं से संपर्क प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि आपातकालीन स्थिति में संचार व्यवस्था बाधित होने से बड़ी समस्या उत्पन्न हो सकती है। रात के समय अंधेरे के कारण स्थिति और गंभीर हो जाती है। रोशनी के लिए ग्रामीणों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही ट्रांसफार्मर की मरम्मत या प्रतिस्थापन कर बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे व्यापक आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन में लवकेश प्रजापति, सुशील त्रिपाठी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। महादेव सेना ट्रस्ट के अध्यक्ष निर्भय चौधरी ने विद्युत विभाग से तत्काल कार्रवाई कर बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की। दरअसल बीते दिनों आये तेज़ आंधी ने क्षेत्र में लगे ट्रांसफार्मर की पोल को उजाड़ दिया था जिस वजह से बिजली आपूर्ति बाधित हो गईं, हालांकि आंधी के उत्पाद से लोग किसी तरह बच गये। लेकिन विभाग की लापरवाही के कारण पूरा टोला पिछले एक सप्ताह से अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर है।



