Sonbhadra News: 18 साल से जर्जर सड़क और टूटी नहर से ग्रामीण परेशान, डीएम से मरम्मत की गुहार.
बभनी गांव के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शिव मंदिर बभनी से बाजार टोला तक जर्जर सड़क और टूटी नहर की मरम्मत की मांग की। ग्रामीणों के मुताबिक सड़क करीब 18 वर्षों से खराब है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और एंबुलेंस को परेशानी होती है। वहीं, नहर टूटने से हजारों एकड़ खेतों की सिंचाई प्रभावित है और बांध का पानी नदी-नालों में बह रहा है।
sonbhadra
7:18 PM, Sep 21, 2026
Share:


जिलाधिकारी कार्यालय सोनभद्र परिसर में ज्ञापन सौंपने के बाद ग्रामीणों ने सड़क और नहर मरम्मत की मांग को लेकर अपनी बात रखी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: चंद्रशेखर पाण्डेय, बभनी।
सोनभद्र।
विज्ञापन
बभनी गांव के लोगों ने सोमवार को जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। इसमें शिव मंदिर बभनी से बाजार टोला तक सड़क और नहर की मरम्मत की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क 18 साल से खराब है और नहर टूटने से किसानों को सिंचाई में दिक्कत आ रही है। शिव मंदिर बभनी से पुरानी बाजार और प्राथमिक विद्यालय द्वितीय तक की सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। इसमें बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बारिश के दिनों में इन गड्डों में पानी भर जाता है, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और एंबुलेंस को कीचड़ भरे रास्तों से गुजरना पड़ता है। ग्रामीणों ने बताया कि यह सड़क पिछले 18 साल से खराब है। इसके निर्माण के लिए उन्होंने ग्राम स्तर से लेकर जिले के जनप्रतिनिधियों तक कई बार पत्र लिखे और अखबारों के माध्यम से भी जानकारी दी, लेकिन कहीं से कोई जवाब या कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से उम्मीद जताई कि नवरात्रि, दुर्गा पूजा और दशहरा जैसे त्योहार शुरू होने वाले हैं। इन दिनों सैकड़ों श्रद्धालु इसी रास्ते से मंदिर दर्शन के लिए आते-जाते हैं। उन्हें भी इन्हीं गड्डों और कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। इसके अलावा, बभनी सरकारी बांध से हजारों एकड़ खेतों की सिंचाई होती है। लेकिन कुछ समय से पक्की नहर जगह-जगह से टूट गई है। इससे बांध का पानी किसानों के खेतों तक नहीं पहुंच पा रहा, बल्कि नदी-नालों में बह रहा है। इस कारण किसानों को धान की रोपाई और दूसरी फसलों की सिंचाई में काफी परेशानी हो रही है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से अनुरोध किया कि नहर की मरम्मत कराई जाए, ताकि किसानों को समय पर फसलों की रोपाई और सिंचाई करने में सुविधा मिल सके। ज्ञापन देने वालों में मिथलेश गुप्ता, रविशंकर गुप्ता, अमित, सुरेंद्र गुप्ता और विशिष्ठ शामिल थे।



