Sonbhadra News: रसोइयों को योगी सरकार की बड़ी सौगात: मानदेय ₹3 हजार, ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज का सुरक्षा कवच.
पीएम पोषण योजना के रसोइयों को सरकार ने मानदेय बढ़ाकर बड़ी सौगात दी है। रसोइयों का मानदेय ₹2 हजार से बढ़ाकर ₹3 हजार प्रतिमाह और यूनिफॉर्म भत्ता ₹500 से ₹1 हजार किया गया। रसोइयों व उनके परिवार को ₹5 लाख तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा और दुर्घटना में ₹2 लाख की आर्थिक सहायता मिलेगी। कलेक्ट्रेट सभागार में राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड व डीएम चर्चित गौड़ की मौजूदगी में मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसार
sonbhadra
4:24 PM, Aug 23, 2026
Share:


पीएम पोषण योजना के तहत रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड और बढ़े मानदेय के चेक वितरित करते जनप्रतिनिधि व अधिकारी।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: अनुज जायसवाल।
सोनभद्र।
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश सरकार ने पीएम पोषण योजना के तहत विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन बनाने वाले रसोइयों को महत्वपूर्ण सौगात दी है। रविवार को सोनभद्र के कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण देखा गया। इस दौरान राज्य मंत्री समाज कल्याण विभाग संजीव कुमार गोंड भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रसोइयों के मानदेय में वृद्धि के साथ-साथ स्वास्थ्य और आर्थिक सुरक्षा से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णयों की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार, पीएम पोषण योजना में कार्यरत रसोइयों का मासिक मानदेय 2000 रुपये से बढ़ाकर 3000 रुपये कर दिया गया है। इसके अतिरिक्त, साड़ी और यूनिफॉर्म के लिए मिलने वाले वार्षिक भत्ते को भी 500 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये किया गया है। सरकार ने रसोइयों और उनके परिवारों को 5 लाख रुपये तक की वार्षिक कैशलेस चिकित्सा सुविधा का स्वास्थ्य सुरक्षा कवच भी प्रदान किया है। एक अन्य महत्वपूर्ण निर्णय में, दुर्घटना में मृत्यु होने की स्थिति में रसोइयों के परिवार को 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता का प्रावधान किया गया है। इन कदमों का उद्देश्य रसोइयों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना और उनकी सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री संजीव कुमार गोंड ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में रसोइयों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने रसोइयों की निष्ठा और सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि सरकार ने उनके श्रम को सम्मान देते हुए मानदेय बढ़ाने के साथ स्वास्थ्य एवं आर्थिक सुरक्षा की सुविधाओं का विस्तार किया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने बताया कि पीएम पोषण योजना बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और समग्र विकास से जुड़ी एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसके सफल संचालन में रसोइयों की भूमिका आधारभूत है। उन्होंने मानदेय वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा सुविधा और अन्य भत्तों को रसोइयों के सम्मान एवं सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और विद्यालयों में बच्चों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने सभी उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
