मुख्य खबरें/न्यूज़/sonbhadra news young man taken hostage and beaten moneylenders accused of extorting lakhs

Sonbhadra News: बंधक बनाकर युवक की पिटाई, सूदखोरों पर लाखों की वसूली का आरोप.

रॉबर्ट्सगंज में युवक को बंधक बनाकर पिटाई और वसूली का मामला सामने आया। पीड़ित ने सूदखोरों पर नमक डालकर पीटने और कुएं में लटकाने का आरोप लगाया। जबरन शराब पिलाकर मारपीट करने का भी आरोप। परिजनों ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की, मामला जांच में। पुलिस ने बताया- पीड़ित पर पहले से भी मुकदमे दर्ज हैं।

sonbhadra

9:23 PM, Apr 24, 2026

Share:

Sonbhadra News: बंधक बनाकर युवक की पिटाई, सूदखोरों पर लाखों की वसूली का आरोप.
logo

नमक डालकर पीटा, कुएं में लटकाया- पीड़ित ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार।

Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें

Story By: विकास कुमार हलचल, ब्यूरों सोनभद्र।

जनपद के रॉबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र में सूदखोरी और दबंगई का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक युवक को बंधक बनाकर बेरहमी से पिटाई करने, अवैध वसूली करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित युवक अमित पटेल ने पुलिस अधीक्षक सहित स्थानीय पुलिस को शिकायती पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित के अनुसार, उसने करीब छह माह पूर्व दिलीप पटेल के माध्यम से अभिषेक पटेल से 1 लाख 35 हजार रुपये उधार लिया था, जिस पर लगभग 10 प्रतिशत ब्याज लिया जा रहा था। आरोप है कि अब तक उससे करीब 86 हजार रुपये ब्याज के रूप में वसूल लिए गए, इसके बावजूद आरोपियों द्वारा लगातार और पैसे की मांग की जा रही थी। अमित पटेल ने बताया कि 21 अप्रैल को आरोपियों ने उसे शीतला मंदिर के पास से उसकी बाइक पर बैठाकर धर्मशाला रोड स्थित एक कपड़े के शोरूम में ले जाकर मारपीट की। इसके बाद उसे चार पहिया वाहन में बैठाकर मिश्रोलिया ले जाया गया, जहां एक कमरे में बंद कर नमक डालकर पिटाई की गई। पीड़ित का आरोप है कि उसके पैरों को बांधकर उसे कुएं में लटका दिया गया और लगातार प्रताड़ित किया गया। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपियों ने उसे जबरन शराब पिलाई, ताकि वह दर्द से कराह न सके। दिनभर बंधक बनाकर रखने के बाद आरोपियों ने उसे अधमरी हालत में खेत में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। इसके बाद परिजन उसे घायल अवस्था में लेकर रॉबर्ट्सगंज कोतवाली पहुंचे और कार्रवाई की मांग की। शिकायत में यह भी कहा गया है कि आरोपी लगातार बोलेरो और बाइक से गांव पहुंचकर धमकी दे रहे हैं, जिससे पीड़ित परिवार भय के साए में जीने को मजबूर है। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ी घटना हो सकती है। मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में सूदखोरी का जाल तेजी से फैल रहा है और जरूरतमंद लोगों को ऊंचे ब्याज पर पैसा देकर उनका शोषण किया जा रहा है। वहीं, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने बताया कि पीड़ित अमित पटेल पर गोवा में दो और रॉबर्ट्सगंज कोतवाली में एक मुकदमा दर्ज है। उन्होंने कहा कि पीड़ित द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


headingicon

सम्बंधित खबर


headingicon

विज्ञापन


headingicon

लोकल न्यूज़

और देखे
headingicon

विज्ञापन

headingicon

विज्ञापन

Design and Developed by SpriteEra IT Solutions Pvt. Ltd.
© Copyright Purvanchal Bhaskar 2025. All rights reserved.