Sonbhadra News: युवा शक्ति ही विकसित भारत की नींव, शक्तिनगर में आयोजित हुआ ‘विकसित भारत क्विज 2026’.
शक्तिनगर में महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के एनटीपीसी परिसर में ‘विकसित भारत क्विज 2026’ का आयोजन किया गया।न एनएसएस इकाई प्रथम के कार्यक्रम में करीब 100 स्वयंसेवकों और छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन क्विज में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। डॉ. अपर्णा त्रिपाठी ने कहा कि युवा शक्ति की ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार विकसित भारत के निर्माण की मजबूत नींव हैं।
sonbhadra
2:36 PM, Sep 11, 2026
Share:


महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के एनएसएस कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं को संबोधित करते वक्ता और मौजूद स्वयंसेवक।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: प्रमोद कुमार।
सोनभद्र।
विज्ञापन
शक्तिनगर। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के एनटीपीसी परिसर स्थित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई प्रथम के तत्वावधान में शुक्रवार को ‘विकसित भारत क्विज 2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में करीब 100 स्वयंसेवकों एवं छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतिभागियों ने ऑनलाइन माध्यम से क्विज में हिस्सा लेकर विभिन्न प्रश्नों के उत्तर दिए। क्विज प्रक्रिया पूरी करने के बाद प्रतिभागियों ने प्रमाण पत्र भी जनरेट किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ प्राध्यापिका (आईआरपीएम) डॉ. अपर्णा त्रिपाठी ने की। उन्होंने युवाओं की भूमिका और विकसित भारत के लक्ष्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण का प्रमुख स्रोत है। भारत युवाओं का देश है और उनकी ऊर्जा, प्रतिभा, रचनात्मक सोच एवं नवाचार का सकारात्मक उपयोग कर देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को समझने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं में मौजूद क्षमता को सही दिशा और अवसर मिलने पर देश के विकास को नई गति मिल सकती है। मुख्य वक्ता मनोविज्ञान विभाग की प्राध्यापिका डॉ. आनंद प्रिया सिंह ने युवाओं के सामने मौजूद अवसरों और चुनौतियों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि सूचना क्रांति के दौर में तकनीक ने युवाओं के लिए सीखने और आगे बढ़ने के नए रास्ते खोले हैं, लेकिन इसके साथ कई चुनौतियां भी सामने आई हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के लिए समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच, निरंतर सीखने और तकनीक का सही उपयोग करने के सुझाव दिए। विशिष्ट अतिथि डॉ. विनोद कुमार पाण्डेय ने विद्यार्थियों के साथ विकसित भारत क्विज की ऑनलाइन प्रक्रिया में सहभागिता की। उन्होंने छात्र-छात्राओं को क्विज में भाग लेने की प्रक्रिया और उससे जुड़ी बारीकियों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. छोटेलाल प्रसाद ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. प्रभाकर लाल ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम को डॉ. ओम प्रकाश यादव एवं डॉ. रजनीकांत ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में उज्जवल, नीरज, पंकज, पूनम, खुशबू, प्रभा, दीपांजलि, विवेक, आशुतोष और राहुल सोनी सहित अन्य स्वयंसेवकों का सराहनीय सहयोग रहा।



