दुद्धी में चोरों का आतंक: सफाई कर्मचारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष के घर 4.5 लाख की चोरी.
दुद्धी क्षेत्र के रजखड़ गांव में शनिवार देर रात चोरों ने सफाई कर्मचारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष जयप्रकाश के घर की खिड़की उखाड़कर प्रवेश किया और बक्से का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 4 से 4.5 लाख रुपये बताई जा रही है। चोरों ने गांव की एक किराना दुकान में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना पर पुलिस जांच में जुट गई है।
sonbhadra
10:51 AM, Jun 14, 2026
Share:


चोरी की घटना के बाद पीड़ित परिवार से जानकारी लेते ग्रामीण।
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By: विकास कुमार हलचल, दुद्धी।
सोनभद्र।
दुद्धी कोतवाली क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला रजखड़ गांव का है, जहां शनिवार देर रात अज्ञात चोरों ने सफाई कर्मचारी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष जयप्रकाश के घर को निशाना बनाते हुए करीब 4 से 4.5 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। पीड़ित जयप्रकाश ने बताया कि शनिवार रात रोज की तरह पूरा परिवार घर में सो रहा था। इसी दौरान रात करीब एक बजे से तीन बजे के बीच चोर घर के पिछले हिस्से में पहुंचे और सब्बल की मदद से खिड़की की ग्रिल को तोड़कर घर के अंदर घुस गए। इसके बाद चोरों ने कमरे में रखे बक्से का ताला तोड़ दिया और उसमें रखे कीमती जेवरात समेटकर फरार हो गए। चोरी गए सामान में सोने के झुमके, मंगलसूत्र, नथिया, टॉप्स, मांगटीका समेत अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा लगभग 40 भर चांदी की पाजेब और दो पायल भी चोर अपने साथ ले गए। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए आभूषणों की कुल कीमत करीब साढ़े चार लाख रुपये है।
विज्ञापन
घर में नकदी नहीं मिलने के कारण चोर केवल जेवरात ही लेकर भाग सके। घटना के बाद जब सुबह परिवार के लोगों की नींद खुली तो घर का सामान बिखरा पड़ा मिला और खिड़की की टूटी हुई ग्रिल देखकर सभी के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। पीड़ित ने बताया कि चोर अपने साथ बड़े-बड़े पत्थर भी लेकर आए थे। आशंका जताई जा रही है कि यदि परिवार का कोई सदस्य जाग जाता तो बदमाश किसी बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते थे। बताया जा रहा है कि चोरों ने गांव में ही स्थित अमर सिंह की किराना दुकान का ताला तोड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन वहां उन्हें सफलता नहीं मिली। इससे स्पष्ट है कि बदमाश पूरी तैयारी के साथ इलाके में चोरी की नीयत से पहुंचे थे। गौरतलब है कि लगभग 12 दिन पहले खजूरी गांव में 20 लाख रुपये की बड़ी चोरी हुई थी, जबकि धनौरा गांव में भी चोरी की घटना सामने आई थी। इन मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही चोरियों से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। वहीं ग्राम प्रधान प्रतिनिधि बृजेश कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरी का खुलासा करने तथा क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते चोरों पर अंकुश नहीं लगाया गया तो क्षेत्र में अपराध की घटनाएं और बढ़ सकती हैं।
