Varanasi News : चाइनीज मांझे ने ली साड़ी कारोबारी की जान, कज्जाकपुरा फ्लाईओवर पर गर्दन कटने से मौत.
“वाराणसी में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे का कहर एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। कज्जाकपुरा फ्लाईओवर पर बाइक से जा रहे 55 वर्षीय साड़ी कारोबारी सुनील कुमार गुजराती की गर्दन मांझे से कट गई। राहगीर उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।”
varanasi
4:32 PM, Oct 11, 2026
Share:


कबीर चौरा अस्पताल में मृतक के पास मौजूद दस्तावेज कि जांच पड़ताल करती पुलिस
Daily ख़बरों के लिए फ़ॉलो करें
Story By : पूर्वांचल भास्कर डेस्क.
वाराणसी। जिले में चाइनीज मांझे ने एक साड़ी कारोबारी की जान ले ली। रविवार सुबह करीब नौ बजे कज्जाकपुरा फ्लाईओवर पर बाइक से जा रहे 55 वर्षीय सुनील कुमार गुजराती की गर्दन चाइनीज मांझे की चपेट में आने से कट गई। गंभीर रूप से घायल कारोबारी को राहगीरों की मदद से मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
सुनील कुमार गुजराती चौक थाना क्षेत्र के चौखंभा में साड़ी का कारोबार करते थे और परिवार के साथ आशापुर में रहते थे। बताया गया कि उनके बेटे यश की तबीयत दो दिन से खराब थी। रविवार सुबह वह मनोकामना पूर्ति के लिए चौखंभा स्थित गोपाल मंदिर में दर्शन करने आए थे। दर्शन के बाद बाइक से आशापुर लौटते समय कज्जाकपुरा फ्लाईओवर पर अचानक चाइनीज मांझा उनके गले में फंस गया। गर्दन कटने से वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शी विकास कुमार सोनकर ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ कज्जाकपुरा ओवरब्रिज से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक व्यक्ति को मांझे से गर्दन कटने के बाद परेशान हालत में देखा। उन्होंने रुककर घायल को संभाला और ई-रिक्शा से कबीरचौरा अस्पताल पहुंचाया।
विज्ञापन
एक अन्य प्रत्यक्षदर्शी अमन जायसवाल ने बताया कि घायल को कज्जाकपुरा ओवरब्रिज से अस्पताल लाया गया था। उनके अनुसार, मांझे से गर्दन कटने के कारण काफी खून बह चुका था और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कारोबारी बाइक से जा रहे थे। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को मोर्चरी में रखवाया। परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। इस घटना ने एक बार फिर चाइनीज मांझे की घातकता और सार्वजनिक सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


