Chandauli News: ट्रेन हादसे में मृतक युवक की हुई शिनाख्त, बुखार की दवा लेकर लौटते समय ट्रेन की चपेट में आता था युवक परिजनों में मचा कोहराम.

Story By: पुनवासी यादव, सकलडीहा।
चंदौली। सकलडीहा रेलवे स्टेशन पर रेल लाइन पार करते समय बुधवार को दोपहर में ट्रेन की चपेट में आने से 45 वर्षीय युवक की मौत हो गई थी। बुधवार की देर रात युवक की शिनाख्त होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक युवक कम्हारी गांव का निवासी बताया गया। जीआरपी दिलदारनगर पुलिस ने पीएम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार कम्हारी गांव निवासी 45 वर्षीय रविन्द्र राम मजदूरी करके परिवार का भरण पोषण करता है। रविन्द्र राम को दो-तीन दिनों से बुखार होने पर दवा लेने के लिए चतुर्भुजपुर कस्बा में रेलवे लाइन पार करके जा रहा था। इसी बीच डाउन में आ रही एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई। युवक का शव बुरी तरह से क्षत विक्षत हो जाने के कारण पहचान देर शाम तक नहीं हो पाई थी।

देर रात तक रविन्द्र राम के घर नहीं पहुंचने पर परिजन परेशान होने लगे। मौके पर मिले वस्त्र से परिजनों ने शव की शिनाख्त की। घटना की जानकारी होने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी गीता देवी, पुत्री सपना व मधु और पुत्र रविदास का रोते रोते बुरा हाल था। डाला छठ महापर्व को लेकर गांव में खुशी का माहौल था। महिलाएं विधि विधान से पूजा अर्चना के लिए जुटी हुई थीं।

अचानक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट जाने से छठ पूजा का त्योहार मातम में बदल गया। गांव में अधिकांश लोगों ने छठ पूजा का त्योहार शांतिपूर्वक मनाया। देर रात को पीएम होने के बाद पुलिस ने शव को परिजनों को सौंप दिया। सकलडीहा थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की शिनाख्त कम्हारी गांव निवासी रविन्द्र राम के रूप में हुई है। जिसकी शव को जीआरपी दिलदारनगर ने पीएम के बाद परिजनों को सौंप दिया।