Sonbhadra News: खाना बनाते समय गैस सिलेंडर के रेगुलेटर में अचानक लगी आग, मचा हड़कंप.

Story By: चंदन कुमार, चोपन।
सोनभद्र।
चोपन थाना क्षेत्र के रेक्सहवा स्थित प्राथमिक विद्यालय में खाना बनाते समय गैस सिलेंडर के रेगुलेटर में अचानक आग लगने से बच्चों और शिक्षकों में अफरा तफरी का माहौल बन गया। इस दौरान विद्यालय में पढ़ रहे बच्चों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया और तत्काल पुलिस व फायरब्रिगेड को सूचना दी गई।

हालांकि फायर ब्रिगेड पहुंचने से पहले ही विद्यालय के कर्मियों और शिक्षक द्वारा आग पर काबू पा लिया गया। जिसके बाद स्कूली बच्चें सहित अध्यापक ने राहत की सांस ली। मिली जानकारी अनुसार सोमवार की सुबह 10:30 बजे के लगभग चोपन थाना क्षेत्र अंतर्गत रेक्सहवा स्थित प्राथमिक विद्यालय में रोज की तरह गैस चूल्हे पर रसोईया द्वारा बच्चों के लिए भोजन बनाया जा रहा था कि अचानक गैस सिलेंडर के रेगुलेटर में आग लग गई।

आग लगता देख तत्काल रसोईया ने सूचना सहायक अध्यापिका मनीषा को दी। आग लगने की जानकारी मिलते ही विद्यालय में हड़कंप की स्थिति बन गई। सहायक अध्यापिका ने विद्यालय में पढ़ रहे बच्चों को तत्काल परिसर से बाहर निकलवा कर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और घटना की बाबत विद्यालय के सम्बन्धित उच्च अधिकारियों व स्थानीय पुलिस प्रशासन को अवगत कराया।

वही आग लगने की जानकारी मिलते ही चौकी प्रभारी डाला शिवकुमार सिंह तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना देकर घटनास्थल पर भेजवाया। हालांकि फायर ब्रिगेड पहुंचने से पहले ही विद्यालय के कर्मियों और शिक्षक द्वारा आग पर काबू पा लिया गया था। सुझबुझ से बड़ी घटना टल जाने से बच्चें सहित अध्यापक ने राहत की सांस ली।