Chandauli News: रेलकर्मी के बंद पड़े मकान को चोरो ने बनाया निशाना, चार लाख के आभूषण सहित नकदी, लैपटॉप पर हाथ किया साफ़.

Story By: संदीप कुमार, बड़ा बाबू।
चंदौली। अलीनगर थाना क्षेत्र के अमोघपुर गांव में रेल कर्मी रामचंद्र सिंह चौहान के बंद पड़े मकान को चोरो ने अपना निशाना बनाया। करीब 4 लाख रुपए के जेवरात और लैपटॉप सहित सात हजार नगदी पर चोरो ने हाथ साफ़ कर दिया। घटना की जानकारी होने पर पीड़ित रेलकर्मी ने अलीनगर थाने में तहरीर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया और मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।

जानकारी के अनुसार अमोघपुर गांव निवासी रामचंद्र सिंह चौहान बिहार के जपला में रेलवे में कार्यरत है। जो करीब आठ दिन पूर्व अमोघपुर से जपला चला गया था। इसी बीच उसके पड़ोसियों ने घर का दरवाजा खुला देखकर पहले तो डोर बेल बजाई। जब घर से कोई नहीं निकला तो उन्होंने भुक्तभोगी को मोबाइल पर कॉल किया।

इस पर रामचंद्र ने खुद को ड्यूटी पर होने की बात बताई। साथ ही घटना की जानकारी होने पर वह जपला से अमोघपुर पहुंचे। जहां उन्होंने घर के सभी दरवाजों के ताले टूटे हुए देखे। जब वह कमरों के अंदर गए तो सारा सामान बिखरा पड़ा हुआ था। साथ ही कई सामान घर से गायब भी मिले।

इस पर उन्होंने इसकी जानकारी 112 नंबर पर दी। सूचना पर तत्काल पुलिस पहुंची। भुक्तभोगी ने अलीनगर थाने में मामले में लिखित तहरीर दी। इस पर पुलिस कार्रवाई में जुट गई। पीड़ित रेलकर्मी के अनुसार उनके घर से चार लाख के आभूषण, एक लैपटॉप व सात हजार नगदी चोर ले गए।

इस संबंध में अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही चोरी की घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।